भोपाल : मध्यप्रदेश के बैतूल संसदीय क्षेत्र में बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के निधन के चलते अब 26 अप्रैल के स्थान पर सात मई को मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश, अनुपम राजन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बैतूल लोकसभा क्षेत्र क्रमांक-29 के निर्वाचन के लिए नवीन कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। अब यहां 07 मई 2024 को मतदान होगा। इस संसदीय क्षेत्र पर बसपा की ओर से घोषित अधिकृत प्रत्याशी 19 अप्रैल तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 20 अप्रैल को नामांकन पत्र की जांच होगी और 22 अप्रैल पार्टी प्रत्याशी के लिए अपना नाम वापस लेने की अंतिम तारीख होगी।
बैतूल संसदीय क्षेत्र पर 26 अप्रैल को मतदान होना था, लेकिन इस संसदीय क्षेत्र से बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अशोक भलावी के कल निधन के कारण मतदान स्थगित कर दिया गया था। बैतूल में मतदान 26 अप्रैल को प्रस्तावित होने के चलते वहां नामांकनपत्र दाखिले की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। कल नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद बसपा प्रत्याशी समेत कुल आठ प्रत्याशी मैदान में शेष थे।
बैतूल में अब सात मई को मतदान
