गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

महाराष्ट्र की 11 लोस सीटों पर चौथे चरण में 13 मई को मतदान

मुंबई : लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में महाराष्ट्र की 11 सीटों 13 मई को मतदान होगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं प्रमुख सचिव एस. चोकालिंगम ने शुक्रवार रात जारी एक प्रेस बयान में कहा कि नंदुरबार, जलगांव, रावेर, जालना, औरंगाबाद, बीड, मावल, पुणे, शिरूर, अहमदनगर और शिरडी में सोमवार को मतदान होगा। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
श्री चोकालिंगम ने बताया कि इस चरण में 2.28 करोड़ से अधिक मतदाता 298 उम्मीदवारों में से चुनने के लिए 23,284 मतदान केंद्रों पर मतदान करेंगे। मतदान प्रक्रिया के वास्ते कुल 53,959 बैलेट यूनिट (बीयू), 23,284 कंट्रोल यूनिट (सीयू), और 23,284 वीवीपैट उपलब्ध करायी गयी है। चौथे चरण के लिए प्रचार शनिवार शाम छह बजे थम जाएगा।
श्री चोकालिंगम ने कहा कि गत 07 मई को तीसरे चरण में रायगढ़, बारामती, धाराशिव (उस्मानाबाद), लातूर, सोलापुर, माधा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हातकनांगल में मतदान कराये गये थे तथा मतदान का औसत 63.55 प्रतिशत रहा। प्रदेश में आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक 1,22,834 व्यक्तियों के खिलाफ सीआरपीसी एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गयी है।
राज्य में 01 मार्च से 09 मई 2024 की अवधि में केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा 59.29 करोड़ रूपये नकद और 45.72 करोड़ रुपये की शराब जब्त की गई। इस दौरान 162.40 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं, 244.59 करोड़ रुपये की दवाएं, 0.47 करोड़ रुपये की मुफ्त वस्तुएं और अन्य मदों के तहत 101.66 करोड़ रुपये सहित कुल 614.14 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं। राज्य की शेष 13 सीटों पर 20 मई को मतदान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *