गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वांछित इनामी बदमाश गिरफ्तार

जयपुर : राजस्थान की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पुलिस मुख्यालय की टीम ने दिल्ली के एक ज्वैलर से फिल्मी स्टाइल में हुई लाखों के जेवर और नकदी लूट के मामले में फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया हैं।
अपराध शाखा के पुलिस अधीक्षक करण शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि करीब आठ महीने पहले दिल्ली के एक ज्वैलर से हुई लाखों के जेवर और नकदी लूट के मामले में इनामी गैंगस्टर निर्मल सिंह (24) निवासी भैंसलाना थाना सरुण्ड जिला कोटपूतली-बहरोड को पकड़कर दिल्ली पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
श्री शर्मा ने बताया कि एजीटीएफ को सूचना मिली थी कि कोटपूतली बहरोड के आसपास 15-20 बाउंसर्स ने एक गिरोह बना रखा है, जो धमकी देकर अवैध वसूली करने, अवैध बजरी के खनन, मारपीट कर लूटपाट एवं चोरी आदि अवैध कार्यों में संलिप्त है। थाना सरुण्ड निवासी निर्मल सिंह इस गिरोह का सरगना है जो अभी किसी बड़ी वारदात करने की फिराक में है।
इस सूचना पर पुलिस टीम गठित कर उसे कोटपूतली बहरोड जिले की ओर रवाना किया गया। सूचना पुख्ता होने पर स्थानीय पुलिस के साथ घेराबंदी कर बदमाश निर्मल सिंह को पकड़ने का प्रयास किया गया तो निर्मल सिंह वहां से भाग निकला।
पीछे करने के दौरान एसजीटीएफ के एएसआई बनवारी लाल चोटिल हो गए, इसके बाद भी लगातार भागते हुए बदमाश निर्मल सिंह का पीछा कर टीम के सहयोग से उसे दबोच लिया गया। इनामी बदमाश के पकड़े जाने पर टीम ने दिल्ली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दिल्ली पुलिस से आए हैड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह मय जाब्ता को बदमाश को सुपुर्द किया गया।
एजीटीएफ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विद्या प्रकाश ने बताया कि करीब आठ महीने पहले निर्मल सिंह और उसकी गैंग के अन्य सदस्यों ने दिल्ली में एक ज्वैलर की गाड़ी का पीछा कर फिल्मी स्टाइल में व्यापारी की गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रुकवाया और हथियार दिखाकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लूट ली।
बाउंसर का काम करने वाले गैंगस्टर निर्मल सिंह ने व्यापारी से लूट के बाद मिले जेवर और नकदी से एक थार गाड़ी, एक बुलेट बाइक, एक आईफोन खरीदने के साथ अपने मकान का काम कराया, साथ ही अपने जीजा को भी बोलेरो जीप दिलवाई। जयपुर ग्रामीण जिले के थाना प्रागपुरा में भी मुकदमा दर्ज है।
आरोपी गैंगस्टर पार्ट टाइम में बाउंसर का काम करता है। जयपुर की बड़ी होटल, क्लब, शहर में होने वाले विभिन्न इवेंट्स आदि में पार्ट टाइम बाउंसर का काम करता है। अवैध वसूली, बजरी खनन, लूटपाट, चोरी जैसे अवैध कार्यों में संलिप्त है। पकड़ने के बाद जब टीम इस गाड़ी से ला रही थी। तब भी इसने तीन बार गाड़ी का गेट खोल भागने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *