बाड़मेर : राजस्थान में बाडमेर जिले के शिव थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा करीब डेढ़ साल पहले गुंगा गांव स्थित शराब की दुकान में हुई डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी हिस्ट्रीशीटर विजय सिंह राजपूत को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 8 हजार का इनाम घोषित किया हुआ है।
जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने बताया कि 23 दिसंबर 2021 की रात कस्बा गुंगा स्थित शराब की दुकान में सेल्समैन की आंखों में मिर्ची झोंक घुसे 8-10 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने सेल्समेन वतन सिंह एवं दीप सिंह के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया।
बदमाश दुकान के अंदर से अंग्रेजी शराब के 83 कार्टन, 50 बीयर के कार्टन, नकदी और मोबाइल लूटकर ले गए। मामले में अनुसंधान के दौरान थाना पुलिस पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित की गई टीम द्वारा आसूचना एवं तकनीकी सहायता से आरोपी हिस्ट्रीशीटर विजय सिंह को थाना धोरीमन्ना इलाके के मांगता गांव से डिटेन कर गिरफ्तार किया गया।
