भीलवाड़ा : राजस्थान में चल रहे शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत आज भीलवाड़ा में भी इस अभियान की शुरुआत की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद शर्मा ने मिर्च मंडी में एक दुकान का निरीक्षण कर सड़ी-गली डेढ़ सौ किलो मिर्च को नष्ट कराते हुये लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिये है और दो सौ किलो मिर्च पाउडर को जब्त कर लिया।
श्री शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं औषधि नियंत्रण सुनील शर्मा के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मुश्ताक खान के निर्देशन में शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया गया है। इसके तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को प्रताप नगर थाना इलाके में गांधीनगर स्थित मिर्च मंडी में एक दुकान का निरीक्षण किया। इस दुकान में डेढ़ सौ किलो सड़ी-गली मिर्च मिली जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
इसी तरह शेष दो सौ किलो पीसी हुई मिर्च का नमूना लिया गया है, जिसे जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। मिर्च पाउडर को जब्त कर लिया गया। साथ ही व्यापारी को चेतावनी दी गई है कि जब तक प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक मिर्च पाउडर को बेचा नहीं जाये। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।
भीलवाड़ा में शुद्ध के लिए युद्ध अभियान शुरु
