वड़ोदरा : जॉयई-बाईक ब्राण्ड के तहत इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी वार्डविज़र्ड इनोवेशन्स एण्ड मोबिलिटी लिमिटेड ने 2024 तक इलेक्ट्रिक व्हीकल एंसीलरी क्लस्टर के विकास के लिए गुजरात में दो हजार करोड़ रुपये का निवेश करने के लिए राज्य सरकार के साथ करार किया है। कंपनी ने आज यहां बताया कि इस संबंध में एक करार पर हस्ताक्षर किये गये हैं। यह समझौता सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप राज्य में हरित परिवहन तथा इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग के विकास को बढ़ावा देगा।
समझौते के तहत वार्डविज़र्ड कई प्रमुख क्षेत्रों में 2000 करोड रुपये का निवेश करेगी। इसमें इलेक्ट्रिक दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों का अनुसंधान एवं विकास, वड़ोदरा युनिट में एक मोटर असेम्बली की स्थापना, लिथियम-आयन सैल उत्पादन, कच्चे माल के निर्माण के लिए एंसीलरीज़ का विकास शामिल है। इसके अलावा उम्मीद है कि इस पहल से राज्य में 5000 से अधिक नौकरियों के अवसर सृजित होंगे।
कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक यतिन गुप्ते ने कहा “हम गुजरात सरकार से मिले सहयोग के लिए उनके आभारी हैं। सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप हमने इस साझेदारी को अंजाम दिया है। यह समझौता ज्ञापन इलेक्ट्रिक परिहवन एवं ‘मेक-इन-इंडिया’ पहल के लिए हमारी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत बनाता है।”
वार्डविज़र्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल गुजरात में करेगी निवेश
