गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गोदाम प्रबंधक ने की आत्महत्या

रतलाम : मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में मध्यप्रदेश विपणन संघ के गोदाम संचालक (मैनेजर) भगतराम येदु का शव उनके आफिस में कल फांसी पर लटका मिला।
पुलिस ने आज बताया कि फांसी के फंदे पर लटकने का कारण पता नहीं चला है। जांच चल रही है। पत्नी का कहना है कि वे घटना के बाद से तनाव में थे।
एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। आफिस व घर की तलाशी में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुराने घटनाक्रम सहित सभी बिंदुओं पर जांच की जा जाएगी।
उल्लेखनीय है कि विगत 10 नवंबर 2022 को आलोट में सर्वर की समस्या होने से कई किसानों को यूरिया खाद नहीं मिल पाया था। किसान गोदाम पर कतार लगाकर खाद मिलने के इंतजार में खड़े थे। इसकी जानकारी मिलने पर आलोट के कांग्रेस विधायक मनोज चावला, कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह जादौन आदि गोदाम पहुंचे थे और खाद वितरण को लेकर उनका गोदाम के कर्मचारियों से विवाद हुआ था। आरोप है कि विधायक ने किसानों से खाद ले जाने का कहा था। कई किसान खाद की बोरियां ले जाने लगे थे। पुलिस ने पहुंच कर स्थिति संभाली थी। कुछ समय बाद स्टाक मिलाने पर 28 बोरियां कम पाई गई थीं।
इसे लेकर मैनेजर भगतराम येदु ने विधायक सहित 50 आरोपितों के खिलाफ खाद लूट की एफआइआर कराई थी। पुलिस ने लूट का प्रकरण दर्ज कर उसी दिन कांग्रेस नेता जादौन को गिरफ्तार कर लिया था। दो माह बाद आठ जनवरी को विधायक मनोज चावला ने इंदौर न्यायालय में सरेंडर किया था, वहीं दो अन्य आरोपितों को पुलिस ने कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार किया है। चारों आरोपित जेल में हैं।
विपणन संघ के गोदाम प्रबंधक भगतराम येदु सोमवार को ड्यूटी गए थे, लेकिन रात में घर नहीं पहुंचे। मंगलवार सुबह पत्नी मीना तलाश करते हुए आफिस पहुंची तो गोदाम के आफिस का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांका तो भगतराम पंखे से बंधी रस्सी के फंदे पर लटके दिखे। सूचना मिलने पर एसडीओपी शाबेरा अंसारी, थाना प्रभारी शिवमंगलसिंह सेंगर व अन्य अधिकारी वहां पहुंचे। दरवाजा खोलकर शव को फंदे से उतारा।
पोस्टमार्टम के बाद शव पत्नी को सौंप दिया गया। मृतक भगत राम की पत्नी मीना येदु ने पुलिस को बताया कि वे खाद लूट की घटना के बाद से तनाव में रहते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *