प्रयागराज : तीर्थराज प्रयाग में गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़कर दोबार बंधवा स्थित हनुमान मंदिर के भीतर प्रवेश कर गया है।
आस्था और धर्म का प्रतीक तीर्थराज प्रयाग में दुनिया का एकमात्र लेटे हनुमान मंदिर में हनुमान की प्रतिमा शुक्रवार की की रात गंगा का जलस्तर मंदिर में प्रवेश कर गया। प्रयागराज के कोतवाल कहे जाने वाले बंधवा स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान जी का गर्भगृह करीब 8 से 10 फुट नीचे है जहां दोबार रात में गंगा मइया ने उनको स्नान कराया। इससे पहले सात अगस्त को मां गंगा ने गर्भगृह में प्रवेश कर अभिषेक किया था।
मंदिर के व्यवस्थापक महंत बलबीर गिरी महराज ने बताया कि दुनिया में शायद यह एकमात्र मंदिर हैं जहां विशाल हनुमत लला लेटी मुद्रा में है। इसका विवरण पुराणों में विशद रूप से मिलता है। मंदिर का रखरखाव लम्बे समय से बाघम्बरी गद्दी करती आ रही है। यह मंदिर दुनिया में एकमात्र स्थल है जहां रूद्रावतार में हनुमत लला की लेटी मूर्ति है।
उन्हाेंने बताया कि मान्यता है कि गंगा मां हर साल बरसात में हनुमान मंदिर पहुंचकर हनुमान जी का जलाभिषेक और चरण पखारती हैं। उसके बाद बाढ़ का पानी घटने लगता है लेकिन इस बार दोबारा मां गंगा ने हनुमत लला का अभिषेक किया है।
प्रयागराज आने वाले सभी श्रद्धालु, संत और महात्मा हनुमान मंदिर पहुंचकर अपनी हाजिरी अवश्य लगाते हैं। संगम आने वाले कल्पवासी घर वापसी से पहले यहां आते हैं और भूल-चूक के लिए क्षमा याचना करते हैं। प्रतिदिन यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। मंगल और शनिवार को यहां सुबह से श्रद्धालुओं की बडी कतार रहती है।
सिंचाई विभाग (बाढ़ प्रखंड) द्वारा प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार की रात आठ बजे से लेकर शनिवार शाम पांच बजे बजे के दौरान फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 2.13 मीटर, छतनाग में 2.21 मीटर और नैनी में यमुना का जलस्तर 1.71 मीटर बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात आठ बजे फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 79.97, छतनाग में 80.07 और नैनी में यमुना का जलस्तर 81.25 मीटर दर्ज किया गया था जो शनिवार को चार बजे बढ़कर क्रमश: 82.10 मीटर, 82.28 मीटर और 82.96 मीटर पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में यमुना का जलस्तर स्थिर है जबकि गंगा का जलस्तर में प्रति चार घंटे में तीन सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब उत्तराखंड में भारी बारिश हो रही है जिसका असर भी प्रयागराज में गंगा और यमुना पर दिखलाई पड़ रहा है। इसके अलावा यमुना की सहायक नदियां केन, बेतवा आदि के प्रवाह क्षेत्र में भारी बारिश के कारण प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा का जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है लेकिन उसकी गति धीमी है।
गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा, हनुमान मंदिर पहुंची गंगा
