गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पानी पानी हुआ बाराबंकी

टापू बने गली चौबारे

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पिछले 36 घंटाें से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी है। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। हजारों की तादाद में घरों और दुकानों में पानी भर गया है। शहर स्थित जमुरिया नाला उफनाने के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है। तमाम दफ्तरों, अस्पताल और थानों में भी पानी भर गया है। जिला प्रशासन ने एनडीआरफ टीम को बुलाया है जो बाढ़ में फंसे लोगों को बाहर निकाल रहे हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र में आज सुबह बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिरने से सगे भाई बहन की मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम जरसंडा निवासी आकाश कनौजिया और राधा कनौजिया की पुत्री अंशिका (9) और पुत्र सौरभ (07) घर से शौच के लिए निकले थे। वापस लौटते समय गांव के ही सोनेलाल के घर की कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई और भाई बहन मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर दोनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
रविवार रात करीब 12 बजे से लगातार बारिश हो रही है। बारिश से शहर के तमाम मोहल्ले में पानी भर गया है। बड़ी संख्या में चौपहिया वाहन पानी में डूब गए हैं। जमुरिया नाला उफनाने से आसपास के मोहल्लों के अलावा तमाम सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं। हजारों लोग अपने घरों में कैद हैं। कई मोहल्लों में पेयजल का संकट खड़ा हो गया है दुकानों और घरों में पानी भरने से भारी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। नगर पालिका नवाबगंज के साथ सभी निकायों में इसी तरह के हालात नजर आ रहे है। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के गोड़ियनपुरवा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आ कर शिव कुमार दुलारे (16) गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे सीएचसी सूरतगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने साथी राहुल के साथ शौच के लिए घर से निकला था।
सुबेहा के संडवा गांव में सुबह पौने चार बजे बिपति के घर के पास नीम के पेड पर आकाशीय बिजली गिरने से बिजली के बोर्ड के परखच्चे उड़ गये। धान के साथ दलहन, तिलहन और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है। डीएम और एसपी शहर का भ्रमण कर हालात का जायजा ले रहे हैं। साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। एडीएम ने जमुरिया नाले से पानी की निकासी से निश्चित करने के लिए रेठ नदी के मुहानों को खुलवाया है। साथ ही सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रम कर सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिले में कल कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों कॉलेजों को बंद रखने की आदेश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *