गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मौसम पश्चिमोत्तर भीषण ठंड

भीषण ठंड तथा घने कोहरे का प्रकोप जारी, हवाई ,रेल और सड़क यातायात प्रभावित
चंडीगढ़ :
पश्चिमोत्तर भारत में पहाड़ों पर धूप और मैदानी इलाकों में लगातार हाड़ कंपाने वाली सर्दी और घने कोहरे से हवाई सेवा बुरी तरह प्रभावित रही है। अमृतसर तथा चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दृश्यता कम रहने से पिछले कई दिनों से हवाई सेवा पर बुरा असर पड़ा तथा यात्रियों को मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है। आने जाने वाली उड़ानें उड़ान नहीं भर पा रही हैं। जिससे विमान कंपनियों को राजस्व का घाटा हो रहा है। लोगों को अगले कुछ दिन भी ऐसे ही मौसम की मार झेलनी पड़ेगी।
मौसम केन्द्र के अनुसार अगले दो दिन में शीतलहर और घना कोहरा छाये रहने का अनुमान है। कड़ाके की ठंड के कारण पंजाब में गुरदासपुर तथा मोगा का न्यूनतम तापमान दो डिग्री और हरियाणा में हिसार दो डिग्री और नारनौल तीन डिग्री रहा।
चंडीगढ तथा इसके आसपास घना कोहरा तथा गलन वाली ठंड की मार से आम लोग परेशान रहे। शहर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

आज दोपहर तक सूरज के दर्शन नहीं हुये तथा आम लोग अलाव सेंकते नजर आये। इसी तरह हरियाणा और पंजाब के ग्रामीण और शहर की बस्तियों में लोग अलाव जलाकर ठंड को भगाने का प्रयास करते रहे, लेकिन गलन से कोई राहत नहीं मिली है। हिसार का न्यूनतम तापमान दो डिग्री, नारनौल तीन डिग्री, भिवानी, करनाल में छह-छह डिग्री, रोहतक और अंबाला पांच डिग्री दर्ज किया गया है।
लुधियाना, पटियाला, पठानकोट और अमृतसर का न्यूनतम तापमान क्रमश: पांच डिग्री, बठिंडा तीन डिग्री सहित राज्य के अधिकांश इलाकों में भीषण कोहरे की मार तथा घने कोहरे के चलते पारा चार से छह डिग्री के बीच रहा । समूचा क्षेत्र इन दिनों सूखे की चपेट में है, लेकिन घने कोहरे से गेंहूं की फसल को फायदा होगा। अगले दो दिन शीतलहर और घने कोहरे के आसार हैं। उसके बाद शीतलहर तथा कोल्ड डे से राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *