फगवाड़ा : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सोम प्रकाश नेे उच्चतम न्यायालय के घृणित बयानों (हेट स्पीच) के संदर्भ में दिये निर्णय का स्वागत किया है कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में औपचारिक शिकायत का इंतजार किये बिना हेट स्पीच करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज किये जाएं।
यहां रेल कोच फैक्ट्री में केंद्र सरकार के विभागों में नियुक्ति के लिए 46 युवकों को नियुक्ति पत्र देने के कार्यक्रम के दौरान प्रेस से बातचीत में श्री प्रकाश ने, यह याद दिलाने पर कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में उनकी पार्टी (भारतीय जनता पार्टी) की सरकार है, कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, समाज में सद्भावना का माहौल बिगाड़ने वालेे घृणित बयान देेने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि घृणित बयान देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे पर सीधा हमला हैं। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकारों की जिम्मेवारी है कि अपने यहां नफरत का माहौल बननेे से रोकें।
देश में अल्पसंख्यक समुदायों में बढ़ती असुरक्षा की भावना संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी को डरने या असुरक्षित महसूस करने की जरूरत नहीं है क्योंकि देश का संघीय ढांचा है और धर्मनिरपेक्ष देश होने के कारण यहां सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान किया जाता है।
पंजाब में खालिस्तान संबंधी नारेबाजी औैर ड्रोन सेे हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के संदर्भ में पूछे गये सवाल के जवाब में भाजपा नेता ने कहा कि कानून एवं व्यवस्था राज्य सरकार की जिम्मेवारी है और जहां तक सीमा पार से हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी का सवाल है, केंद्रीय एजेंसियां उसे रोकने के लिए पूरा सहयोग दे रही हैं।
हेट स्पीच पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का किया स्वागत
