गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी और योगी जो कहते हैं, करके दिखाते हैं

संभल : मोहन यादव ने आज कहा कि 2024 का वोट गोपाल कृष्ण के धाम को मुस्कुराने के लिए मिलना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। यादव उत्तरप्रदेश के संभल लोकसभा के असमोली में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान श्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
डॉ यादव ने कहा कि श्री मोदी और योगी आदित्यनाथ जी, जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। हाल ही के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने छत्तीसगढ़ में आदिवासी वर्ग से श्री विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाया। ओबीसी वर्ग से मध्यप्रदेश से उन्हें स्वयं को मौका मिला और राजस्थान में ब्राह्मण वर्ग से श्री भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया। इसके उलट कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में बोलते सब हैं, लेकिन कभी दो परिवारों के अलावा किसी को मौका नहीं मिला। दोनों ही पार्टियां हर पद को अपने घर में ही समेटना चाहती हैं।
आतंकवादी घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि जब से ’56 इंच’ के सीने वाले ने सरकार संभाली है, तब से लेकर आज तक कोई आतंकवादी घटनाएं नहीं हुई। जब से उत्तरप्रदेश में योगी जी मुख्यमंत्री बने हैं, तब से अच्छे-अच्छों को ठिकाने लगाने का काम उन्होंने किया है।
डॉ यादव ने कहा कि हम सब संविधान में कानून और व्यवस्था की शपथ लेते हैं। कानून और व्यवस्था केवल शब्दों के लिए नहीं होते। इनको चरितार्थ करके दिखाना पड़ता है। इसमें पुरुषार्थ, पराक्रम और मन की निष्कलंकता लगती है। हम केवल बजरंगबली की जय नहीं बोलते। बजरंग बली के सच्चे भक्त होने के नाते श्री हनुमान और हम लोग गुंडों को ठीक करते हैं, ताकि सच्चे अर्थों में रामराज्य की स्थापना हो सके।
उन्होंने कहा कि पहली बार का वोट श्री मोदी को देश की सुरक्षा के लिए दिया था। दूसरी बार के वोट के बाद उन्होंने कोविड के खराब समय में लोगों की जान बचाने के लिए स्वास्थ्य की व्यवस्था संभाली। आज अयोध्या में भगवान राम मुस्कुरा रहे हैं तो श्री मोदी की वजह से मुस्कुरा रहे हैं। 2024 का वोट गोपाल कृष्ण के धाम को मुस्कुराने के लिए मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *