उदयपुर : केन्द्र सरकार एवं भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) मुख्यालय के दिशा निर्देशानुसार राजस्थान में एफसीआई द्वारा रबी विपणन वर्ष 2024-25 में गेहूं की खरीद का कार्य ऑनलाइन किया जाएगा। निगम के प्रबंधक (वाणिज्य) किशन गोपाल ने बताया कि 20 जनवरी से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है तथा गेहूं की खरीद 10 मार्च से शुरू होगी। इस वर्ष गेहूं की खरीद हेतु केन्द्र सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2275 रुपये प्रति क्विंटल के अतिरिक्त राजस्थान सरकार के द्वारा 125 रुपये प्रति क्विंटल बोनस निर्धारित किया गया है जिसे मिलाकर किसानों को कुल 2400 रुपये प्रति क्विंटल की राशि मिलेगी।
एफसीआई द्वारा किसानों को उनकी उपज के मूल्य का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में 48 घंटों में नियमानुसार कर दिया जायेगा ।
श्री गोपाल ने बताया कि एफसीआई, मण्डल कार्यालय, उदयपुर के अधीनस्थ उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, राजसमंद एवं सिरोही जिलों में रबी विपणन 2024-25 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद अधिक से अधिक मात्रा में करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस उद्देश्य हेतु एफसीआई द्वारा इन जिलों में 32 खरीद केन्द्र (पिछले वर्ष की तुलना मे 13 अधिक) एवं राजफेड द्वारा 65 खरीद केन्द्र (पिछले वर्ष की तुलना मे 55 अधिक) खोले जाएंगे जिससे ज्यादा से ज्यादा किसानों को लाभान्वित किया जा सके।
एफसीआई केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद 10 मार्च से
