चंडीगढ़ : हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के पुत्र उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म को लेकर दिये गये बयान पर कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर हैरानी जाहिर की है। धनखड़ ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि हरियाणा कांग्रेस के बड़े नेताओं में चाहे रणदीप सुरजेवाला, भूपेंद्र सिंंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा या कुमारी शैलजा हों किसी ने स्टालिन के बयान की निंदा में एक शब्द नहीं कहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह सोच रही है कि हिंदुओं, इनकी विचारधारा और सनातन धर्म पर हमले होते रहें। इसी सोच को हरियाणा काँग्रेस के नेता बढ़ावा दे रहे हैं लेकिन लोगों को इस पर सजग होना पड़ेगा ।
श्री धनखड़ के अनुसार इस प्रकार की सोच के साथ काँग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ देश में गठबंधन किया है जो भारतीयता, भारतीय मूल विचारों, भारतीयता के सम्मान और गौरव को नष्ट करने की बात सोचते हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अति निंदनीय है| कांग्रेस की इसी संस्कृति के कारण भारतीय संस्कृति का गत सात दशकों में जो नुकसान हुआ है, वह सब के सामने हैं|
उन्होंने कहा कि काँग्रेस का राम जन्मभूमि, कृष्ण जन्मभूमि, धारा 370, सनातन धर्म और भारतीय आस्था के प्रतीकों के प्रति रवैया कभी सकारात्मक नहीं रहा। धर्म निरपेक्षता के नाम पर केवल हिंदुओं को पीछे करते रहो यही इसकी नीति रही है जिसे और बेनकाब कर जन-जन तक पहुंचना होगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का विरोध भारतीय संस्कृति का विरोध है और कांग्रेस की इस पर चुप्पी बड़ा सवाल खड़ा करती है|
