बड़वानी : विष्णु दत्त शर्मा ने पूछा है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व दिग्विजय सिंह को ईडी या अन्य संवैधानिक संस्थाओं से डर क्यों है। शर्मा ने आज बड़वानी जिले के निवाली में पत्रकारों से चर्चा में दिग्विजय सिंह के ईडी व अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर टिप्पणी पर पूछा कि उन्हें तथा कमलनाथ को इनसे डर क्यों है। उन्होंने कहा ‘ ईडी और सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाएं अपना काम करती है लेकिन दिग्विजय सिंह और कमलनाथ जैसों को हमेशा यही दिखाई देता है, क्योंकि इन्होंने जिंदगी में चोरी ही की है’।
उन्होंने आगे कहा ‘ ईडी और सीबीआई का छापा किसी पर पड़ता है तो आपके पेट में क्यों दर्द होता है और आप डरते क्यों हैं, क्योंकि आपके मन में चोर है’। उन्होंने कहा, ‘आपने चोरी की है इसलिए आपको ईडी का डर पहले से ही दिखाई देने लगता है’। उन्होंने कहा कि ‘भाजपा संवैधानिक व्यवस्थाओं पर विश्वास करती है जबकि कांग्रेस इसका दुरुपयोग करती थी’।
उन्होंने कहा, ’15 महीने की सरकार में 15000 करोड़ के घोटाले हुए, कमलनाथ के निजी सचिव के पास 281 करोड़ रुपए पकड़े गए, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला और दिग्विजय सिंह का इंदौर का ट्रेजर आइलैंड घोटाला भी सामने आया, तो डर तो लगेगा ही’। उन्होंने कहा कि ‘इन्हें डर क्यों नहीं लगेगा, क्योंकि चोर को कर ही दिखाई देता है’।
