शिमला : सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा है कि लोग मौलवियों को पैसा दे रहे है लेकिन पुजारियों को क्यों नहीं देते। ठाकुर ने दूरदर्शन कॉन्क्लेव में शामिल होते हुए शनिवार को यहां कहा कि जो लोग आज नोटों पर लक्ष्मी और गणेश की फोटो की बात कर रहे हैं, वे और उनकी पार्टी के नेता भगवान राम के मंदिर का विरोध करने वाले हैं। हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वाले उनकी पार्टी के हैं।
उन्होंने केजरीवाल को अराजकता का प्रतीक कहा। श्री ठाकुर ने श्री केजरीवाल से सवाल किया कि मौलवियों को पैसा दिया जा रहा है तो पुजारियों को क्यों नहीं। उन्होंने कहा,“ कांग्रेस के नेता भ्रष्टाचार में डूबे हैं। भाजपा के पास आठ साल की केंद्र और पांच साल की राज्य की सरकार है। हम विकास करते थे, कांग्रेस विरोध करती थी। ”
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में विजय संकल्प अभियान चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आप भ्रष्टाचार में डूबी है, जबकि भाजपा ने ईमानदारी से विकास कार्य करवाए हैं। बड़सर विधानसभा क्षेत्र के तहत सिद्धपुर में आयोजित चुनावी सभा के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक बालिका के साथ सेल्फी ली। दरअसल यह नौनिहाल अपने माता के मोबाइल फोन पर व्यस्त था।
कुछ बच्चे चुनावी सभा में इधर-उधर घूम रहे थे। श्री ठाकुर की नजर एक बालिका पर पड़ी और उन्होंने उससे बातचीत की। बालिका के साथ श्री ठाकुर वहां कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं के बीच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बच्चे और महिलाओं से बातचीत की। श्री ठाकुर ने कहा कि किसी भी चुनाव में जब टिकट का आवंटन होता है तो सबकी चुनाव लड़ने की इच्छा होती है लेकिन सबको टिकट नहीं मिल पाता है।
