गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सुखविंदर हत्यांकांड में पत्नी, उसके दो साथी गिरफ्तार

यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर पुलिस ने बुधवार (24 मई) को हुये सुखविंदर हत्याकांड काे सुलझाने का दावा करते हुये इस सिलसिले में उसकी पत्नी और दो साथियों को गिरफ्तार किया है। जगाधरी के पुलिस उपाधीक्षक अभिलक्ष जोशी ने शुक्रवार को यहां एक पत्रकारवार्ता में यह जानकारी देते हुये बताया कि मूलत: नारायणगढ़ निवासी तथा भगवानपुरा में किराये पर रहने वाले सुखविंदर की हत्या के मामले में सदर जगाधरी और अपराध शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी काजल, अम्बाला के बीटा गांव निवासी उसके प्रेमी टोनी उर्फ मुखिया के अलावा टोनी के दोस्त अरूण को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को अदालत में पेश कर इन्हें रिमांड पर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि काजल का टोनी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे तथा इसलिये उन्होंने सुखविंदर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। गत 23 मई की रात जैसे ही सुखविंदर फैक्ट्री से घर पर आया तो उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी टोनी को फोन कर इसकी सूचना दी। टोनी अपने दोस्त अरुण के साथ सुखविंदर के मकान पर पहुंचा तथा तीनों ने मिल कर उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस सिलसिले में हत्या का मामला दर्ज किया था।
सुखविंदर और काजल ने लगभग एक साल पहले ही प्रेम विवाह किया था। इसके बावजूद काजल अपने प्रेमी टोनी के साथ फोन पर बातें करती थी। इसके बाद दोनों ने सुखविंदर को बीच में से हटाने की योजना बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *