कलाबुर्गी : कर्नाटक के मंत्री केएन राजन्ना द्वारा तीन उपमुख्यमंत्रियों की वकालत करने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने रविवार को कहा कि वह इस मामले में पार्टी आलाकमान के फैसले का पालन करेंगे। सिद्दारमैया ने यहां संवाददाताओं से कहा,“उन्होंने (राजन्ना ने) मुद्दा उठाया है और कहा है कि वह तीन उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति पर आलाकमान से बात करेंगे। आलाकमान ने कहा कि एक उपमुख्यमुख्यमंत्री पर्याप्त है और इसीलिए एक को नियुक्त किया।”
उन्होंने कहा,“मुझे कुछ नहीं कहना है। अंतत: पार्टी आलाकमान इस पर फैसला करेगा और वे जो भी फैसला करेंगे, मैं उसका पालन करूंगा।” राजन्ना ने लिंगायत, एससी/एसटी और अल्पसंख्यक समुदायों से संबंधित तीन डिप्टी सीएम की वकालत की थी। अब तक, डीके शिवकुमार एकमात्र डिप्टी सीएम हैं और वोक्कालिगा समुदाय से हैं।
राजन्ना के प्रस्ताव पर गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। दलित नेता डॉ परमेश्वर ने कांग्रेस-जनतादल (सेक्युलर) सरकार के दौरान डिप्टी सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। पार्टी के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद ने भी सतीश जारकीहोली के साथ उपमुख्यमंत्री पद के लिए डॉ. परमेश्वर के नाम की वकालत की थी।
आलाकमान के फैसले का पालन करेंगे: सिद्दारमैया
