भोपाल : विष्णुदत्त शर्मा ने आज कार्यकर्ताओं से कहा कि हमे मतदान कराने के लिए और सक्रियता से कार्य करना होगा।
श्री शर्मा यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में लोकसभा चुनाव प्रबंधन टोली की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोकसभा के दो चरणों के संपन्न हुए मतदान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं सहित चुनाव प्रबंधन टोली ने बेहतर काम किया है। आने वाली 7 और 13 मई को लोकसभा चुनाव के दो चरणों में हमें और बेहतर काम करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों को प्रचंड बहुमत से जीतकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर उनके हाथ मजबूत करना है। आगामी दो चरणों में होने वाले चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कराने के लिए पन्ना प्रमुखों की बड़ी भूमिका होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने का पार्टी का संकल्प है, हमें उसे पूरा करना है। कांग्रेस में निराशा और हताशा व्याप्त है। कांग्रेस के कार्यकर्ता मतदान करने के लिए नहीं निकल रहे हैं। पिछले दो चरणों में हुए मतदान में एक बड़ा कारण यह भी रहा है, लेकिन हमें आने वाले दो चरणों में पहले से ज्यादा सक्रिय होकर ज्यादा मतदान कराना है।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में मध्यप्रदेश और जनता के मन में मोदी बसे हैं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एक बार फिर प्रधानमंत्री श्री मोदी 7 मई को प्रदेश के दौरे पर आएंगे। श्री मोदी इस दौरान धार और खरगौन में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हमेशा प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने का काम किया है। डबल इंजन की सरकार में पिछले दस सालों में कई बड़ी सौगातें देकर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रदेश की जनता के जीवन में बदलाव किया है।
लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी को मिलकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर देना होगा। भाजपा कार्यकर्ता, चुनाव प्रबंधन से संबंधित टोलियों के पदाधिकारी व सदस्यों को अपने-अपने कार्यों के साथ मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए भी कार्य करना है। डॉ सिंह ने टोली के सदस्यों को आने वाले दो चरणों में किस तरह से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी निभानी है, इसकी जानकारी देकर पार्टी के करणीय कार्यों से अवगत कराया।
इस अवसर पर लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश शासन के मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के सह संयोजक राव उदय प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, वरिष्ठ नेता विनोद गोटिया, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित चुनाव प्रबंधन के 38 टोली के सदस्य उपस्थित रहे।
मतदान कराने और सक्रियता से कार्य करना होगा
