गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बालिकाओं को ‘ई-स्कूटी’ प्रदान करेंगे : शिवराज

भोपाल : मध्यप्रदेश में वित्त वर्ष 2023 24 के वार्षिक बजट में आज बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से घोषित ‘बालिका स्कूटी योजना’ के परिप्रेक्ष्य में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस योजना के तहत बालिकाओं को ‘ई स्कूटी’ प्रदान की जाएंगी, ताकि बालिकाओं के समक्ष पेट्रोल का झंझट ही नहीं रहे।
चौहान ने यहां यूनीवार्ता से चर्चा के दौरान कहा कि राज्य सरकार का यह बजट ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। इसमें विनियोग की राशि पिछले वर्ष की दो लाख 79 हजार करोड़ रुपए से बढ़ाकर तीन लाख 14 हजार करोड़ रुपयों से अधिक की कर दी गयी है। बजट का लगभग एक तिहायी हिस्सा यानी एक लाख दो हजार करोड़ से अधिक रुपए का प्रावधान आधी आबादी यानी महिलाओं और बालिकाओं के उत्थान एवं विकास के लिए किया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में बालिका स्कूटी योजना भी घोषित की गयी है। इसके तहत राज्य के प्रत्येक स्कूल में कक्षा बारहवीं में अव्वल रहने वालीं छात्राओं को ई स्कूटी प्रदान की जाएगी। ई स्कूटी का प्रावधान इसलिए किया गया है कि छात्राओं के सामने अपने शैक्षणिक संस्थान आने जाने के लिए पेट्रोल का झंझट नहीं रहे। उन्होंने कहा कि यह योजना छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने में मददगार साबित होगी।
चौहान ने कहा कि इसी तरह खेलों का बजट लगभग तीन गुना बढ़ाकर सात सौ करोड़ रुपयों से अधिक कर दिया गया है। ढांचागत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए भी बजट राशि और बढ़ायी गयी है। उन्होंने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों को कुपेाषण से मुक्ति दिलाने के लिए संचालित आहार अनुदान योजना के तहत बैगा, सहरिया और भारिया जनजाति की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए दिए जाते हैं और इसके लिए अब बजट में 300 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में प्रतिमाह एक हजार रुपए डाले जाएंगे। इसके लिए बजट में आठ हजार करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं। वहीं प्रसूति सहायता योजना में 400 करोड़, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना में 929 करोड़, कन्या विवाह एवं निकाह योजना में 80 करोड़, विभिन्न सामाजिक पेंशनों में 3 हजार 525 करोड़ को सम्मिलित करते हुये महिलाओं के लिए वर्ष 2023-24 में कुल 1 लाख 2 हजार 976 करोड़ के प्रावधान प्रस्तावित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *