गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एमएसपी को दिलायेंगे कानूनी दर्जा

प्रतापगढ़ : जयराम रमेश ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार आने पर एमएसपी को कानूनी दर्जा दिलाया जायेगा और स्वामीनाथन रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू किया जायेगा। रमेश ने सोमवार को यहां पत्रकारों से कहा कि उनकी सरकार आने पर स्वामीनाथन रिपोर्ट की सिफारिश लागू होगी ,एमएसपी को कानूनी दर्जा मिलेगा और लागत से डेढ़ गुना मूल्य किसानों को मिलेगा। वंचित समाज की भागीदारी न्याय और जातिगत जनगणना के बगैर पूर्ण नहीं होगी और अगर कांग्रेस सरकार में आती है तो हम तुरंत आर्थिक एवं सामाजिक जातिगत जनगणना कराएंगे।
उन्होने कहा “ इलाज के लिए जरूरी है कि पहले एक्स-रे हो जाए तभी सही इलाज संभव है। जातिगत जनगणना हमें यह बतायेगी कि पिछले 75 सालों की विकास यात्रा में हमारे कितने भाई इस यात्रा में पीछे छूट गए क्योंकि हम तभी उनके समुचित विकास के लिए सही नीति बना पायेंगे। कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2011 में आर्थिक और सामाजिक जनगणना कराई थी जिसकी रिपोर्ट वर्ष 2014 में बनकर तैयार हुई। हम पिछले 10 वर्षों से मोदी सरकार से उस रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग कर रहें हैं मगर दलितों और पिछड़ों के हितों की विरोधी इस सरकार ने हमारी इस मांग को मानने से मना कर दिया। ”
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इंसान से इंसान का भेदभाव ही भाजपा की मूल नीति है और यह अंहकार और बड़बोलापन ही उन्हें ले डूबेगा।
प्रियंका गांधी के यात्रा में शामिल होने सम्बन्धी प्रश्न के जवाब में राष्टीय महासचिव प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा कि श्रीमती प्रियंका गांधी बडे़ उत्साह के साथ इस यात्रा का इंतजार कर रही थी मगर दुर्भाग्यवश उनका स्वास्थ खराब हो गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। अभी कल ही वह अस्पताल से डिस्चार्ज होकर आई हैं और उन्हें डॉक्टरों द्वारा आराम की सलाह दी गई है। जैसे ही वह अपने आप को बेहतर महसूस करेंगी वह यात्रा में शामिल होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *