गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पूर्व सैनिकों की सभी समस्याओं का करेंगे समाधान

जालंधर : वी.के. सिंह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार पूर्व सैनिकों की समस्याओं को लेकर बेहद गंभीर और हमदर्दी वाली सरकार है। उन्होने कहा कि हम प्राथमिकता के आधार पर पूर्व सैनिकों की सभी समस्याओं का समाधान करेंगे। जालंधर छावनी में भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के राज्य संयोजक कैप्टन जीएस सिद्धू की ओर से करवाए गई चुनाव रैली को संबोधित करते हुए जनरल सिंह ने कहा कि इससे पहले केंद्र की सत्ता में रही कांग्रेस पार्टी सहित अन्य दलों की सरकारों ने पूर्व सैनिकों के मुद्दों पर केवल राजनीति की और पूर्व सैनिकों की ‘वन रैंक वन पेंशन’ की मांग को 27 साल तक लटकाए रखा। उन्होने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता में आते ही पूर्व सैनिकों की इस भारी मांग को तुरंत स्वीकार कर लागू कर पूर्व फौजियों को बड़ी राहत प्रदान की। उन्होंने कहा कि एक जुलाई 2019 से लागू हुए ओआरओपी-2 की खामियों को भी जल्द दूर किया जाएगा।
जनरल सिंह ने कहा कि भगवंत मान की सरकार ने पंजाब को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि सभी पूर्व सैनिक, उनके परिवार और जालंधर के सभी मतदाता भाजपा प्रत्याशी इंदर इकबाल सिंह अटवाल को बहुमत से विजयी बना कर दिल्ली भेजें और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करें। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने कहा कि पूर्व सैनिकों को चिंता नहीं करनी चाहिए, उनकी सभी समस्याएं हमारे ध्यान में हैं और जल्द ही उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार ने पूरी दुनिया में पंजाब के नाम पर धब्बा लगा दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जो कहती है वह करती है। भाजपा के प्रदेश महासचिव राजेश बाघा, कैप्टन जीएस सिद्धू और भाजपा प्रत्याशी इंदर इकबाल सिंह अटवाल ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि भाजपा ही पंजाब को खुशहाल बना सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सभी कल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के लागू किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *