पिथौरागढ़/नैनीताल : उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने लगभग दो किलोग्राम चरस के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बरामद चरस को बरेली बेचने के लिए ले जा रही थी। मिली जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ पुलिस व विशेष अभियान समूह (एसओजी) की ओर से गुरुवार को एंचोली के पास तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम की ओर से एक स्कॉर्पियो कार को रोका गया।
इस बीच एक महिला बैग को लेकर भागने का प्रयास करने लगी। पुलिस पुलिस टीम ने महिला को रोका और उसकी तलाशी ली तो उसके बैग से 1.890 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस आरोपी महिला तस्कर बेलमती पत्नी सोहन सिंह निवासी ग्राम बालिंग, धारचूला, जिला पिथौरागढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह बरामद चरस को धारचूला से खरीद कर उत्तर प्रदेश के बरेली ले जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया है।
उत्तराखंड में चरस तस्करी आरोप में महिला गिरफ्तार
