गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पति की हत्या के आरोप में महिला प्रेमी संग गिरफ्तार

बांदा : उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के अतर्रा क्षेत्र में हिंदू इंटर कॉलेज के लिपिक की हत्या के आरोप में पुलिस ने गुरूवार को मृतक की पत्नी को उसके दो कथित प्रेमी साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि अतर्रा कस्बा स्थित हिंदू इंटर कॉलेज के लिपिक प्रदीप उर्फ रामू चौरिहा की पत्नी ज्योति की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से बांदा नगर के शुकुल कुआं निवासी संजय सिंह से कुछ दिन पूर्व हुई थी।वे दोनों जनवरी व मार्च में एक दूसरे से दो बार मिले थे। मृतक की पत्नी की पति से अनबन रहती थी। वह खुल कर जीना चाहती थी। संपत्ति और पति की मृत्यु के बाद नौकरी पाने की लालसा में पत्नी ने अपने साथी संजय और राघवेंद्र के साथ उसकी हत्या की योजना बनाई थी।
उन्होंने बताया कि संजय और उसका साथी पैलानी थाना क्षेत्र के रसड़ा गांव निवासी राघवेंद्र घटना के कुछ दिन पूर्व अतर्रा आए ।घटना के पूर्व पत्नी ज्योति ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर डीवीआर गायब कर दिया और अभियुक्त को पिछले दरवाजे से घर के अंदर बुला लिया। 17 /18 अप्रैल की रात्रि तीनों ने लिपिक रामू चौरिहा की घर में ही सोते समय गला रेत कर हत्या कर दी और योजना के अनुसार पुलिस को भ्रमित करने के लिये मृतक की पत्नी को कमरे में बंद कर दोनों युवक प्रेमी फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने दल बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। विस्तृत छानबीन कर घटना के अनावरण के लिये पुलिस की कई टीमें लगाई गई तथा सर्विलांस की मदद से गुरुवार को घटना का अनावरण करते हुए मृतक की पत्नी व उसके दो प्रेमी साथियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से सिम कार्ड, तीन मोबाइल और आला कत्ल चाकू तथा मृतक के खून लगे आरोपी के कपड़े आदि बरामद कर घटना का अनावरण किया गया।
उन्होंने कहा कि आरोपी संजय सिंह बांदा नगर कोतवाली क्षेत्र में वर्ष 2021 में एक किशोरी के साथ हुई कुकर्म की घटना का वांछित आरोपी भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *