कोल्हापुर : महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हृदयविदारक घटना में एक महिला ने अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ तालाब में कूद कर आत्महत्या कर ली। जूना राजवाड़ा पुलिस के अनुसार मृत महिला और बच्चे की पहचान रुक्सार अनीस निशंदर (26) और उमर के रूप में हुई है जो रंकाला टॉवर में रहते थे। पति अनीस के साथ झगड़ा होने के बाद रुक्सार ने यह आत्मघाती कदम उठाया और सोमवार की देर शाम अपने बेटे के साथ तालाब में कूद गई। सूचना प्राप्त होने बाद पुलिस कोल्हापुर नगर निगम के दमकलकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची तथा देर रात दाेनों के शवों को तालाब से बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए छत्रपति प्रमिला राजे सामान्य अस्पताल में लाया गया लेकिन स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब मृतका का पति और उसका परिवार शव लेने पहुंचे और रुक्सार की मां और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने अनीस और उसकी मां सायराबानू के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग करते हुए उन्हें शव देने से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला ने बच्चे के साथ आत्महत्या की
