भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड जिले में आज सुबह एक स्कूल बस की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। शहर कोतवाली नगर निरीक्षक जितेन्द्र मावई ने बताया कि 17वीं बटालियन एसएएफ में पदस्थ प्रधान आरक्षक रामसेवक श्रीवास की माता सुशीला श्रीवास (70) आज सुबह मॉर्निग वॉक के लिए अपने परिसर में घूम रही थीं।
इसी समय एक स्कूल बस बच्चों को लेने के लिए परिसर में आई। बस चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए महिला को बस की चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेते हुए चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
