शिमला : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना गगरेट में दो मंजिला मकान गिरने से 32 वर्षीय प्रवासी महिला की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गगरेट गांव के वार्ड 5 के निवासी विचित्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने घर की दूसरी मंजिल हाल में बनाई है, जिसमें करीब दो माह से टाइल लगाने का काम चल रहा है। इस काम का ठेका उन्होंने बिहार के मोतिहारी जिला की हुसैनी तहसील के डुमरिया निवासी ठेकेदार राजेश कुमार को दे रखा है। राजेश कुमार ने अपने साथ दो मजदूर इस काम पर लगा रखे हैं।
उन्होंने मजदूरों की सुरक्षा के लिए शटरिंग लगा रखी थी। लेकिन मिस्त्री ने बिना उन्हें बताए इस शटरिंग को खुलवा दिया। जिसके चलते मिस्त्री के ही साथ काम करने वाली 32 वर्षीय प्रवासी अनु कुमारी उपाध्याय करीब 15 फीट की ऊंचाई से नीचे जमीन पर आ गिरी। घटना के तुरंत बाद अनु कुमारी उपाध्याय को अस्पताल ले जाया गया।
मामले की सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मकान मालिक को विचित्र सिंह की शिकायत के आधार पर ठेकेदार राजेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घटना के संबंध में ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो मंजिला मकान गिरने से महिला की मौत
