कोलकाता : पश्चिम बंगाल के उत्तरी कोलकाता में जर्जर चार मंजिला इमारत का हिस्सा गिरने से एक महिला की मौत हो गई और उनका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। जर्जर इमारत के चौथी मंजिल का हिस्सा तीसरी मंजिल पर गिर गया, जिसमें एक परिवार किराए पर रहता था। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गयी और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे में एक किशोर सुरक्षित बच गया। खतरे वाली इमारत के अन्य निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस और डीएमजी के बचावकर्मियों ने कहा कि जोरबागन थाने के तहत पथुरियाघाटा स्थित आवास से मलबा हटाने के लगभग चार घंटे बाद इलोरा अग्रवाल को मृत पाया, जबकि उनके पति अजय अग्रवाल को घायल पाया। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने बहुत पहले ही उत्तरी कोलकाता के वार्ड नंबर 24 में इमारत को असुरक्षित और खतरनाक घोषित कर दिया था। केएमसी अधिकारियों ने एक सदी पुरानी इमारत के बाकी हिस्से को ध्वस्त करने का फैसला किया है।
जर्जर इमारत गिरने से महिला की मौत
