पलवल। हरियाणा के पलवल में चाकू दिखाकर एक महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला से पैसे भी लूट लिए। मामले की शिकायत पुलिस को दी तो पुलिस ने राजीनामा करा दिया, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा और नौकरी छोड़ने को मजबूर कर दिया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी सुनीता के अनुसार, शहर थाना अंतर्गत रहने वाली एक 38 वर्षीय महिला ने दी शिकायत में कहा है कि वह एक हाउसिंग सोसाइटी में घरों का खाना बनाने का काम करती है।
शाम को करीब साढ़े 7 बजे वह अपने घर लौटती है। करीब डेढ़ साल पहले वह ऑटो में काम पर जा रही थी। ऑटो में पहले से ही मडिया मोहल्ला निवासी अभिषेक बैठा हुआ था। अभिषेक ने उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरन उसका फोन लेकर अपने फोन पर मिस कॉल कर ली थी। विरोध करने पर आरोपी नंबर डिलीट करने के लिए कहा, परंतु आरोपी ने नंबर डिलीट नहीं किया। फोन कर परेशान करने लगा। अक्टूबर 2022 में आरोपी ने उसे चाकू दिखाकर दुष्कर्म किया और उसके बाद कई बार जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा। डर के कारण उसने यह बात किसी को नहीं बताई। आरोपी ने उससे 2200 रुपए छीन लिए। आरोपी से परेशान होकर उसने अपने पति को यह बात बताई और मामले की शिकायत आरोपी के परिजनों से की, परंतु उसके परिजनों ने उन्हें भगा दिया।
चाकू दिखाकर महिला से किया दुष्कर्म
