नयी दिल्ली : सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि भारत के 53वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का समाचार संकलन करने वाले मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष व्यवस्था की शुरुआत कर दी गयी है। मंत्रालय के बयान में कहा गया है, “आप एक मीडिया प्रतिनिधि हो सकते हैं, अगर आपने एक जनवरी, 2022 को 21 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक या यहां तक कि एक डिजिटल / ऑनलाइन मीडिया संगठन से संबंधित हैं।
अगर आप एक स्वतंत्र पत्रकार के रूप में अपना रास्ता खुद बना रहे हैं, तो भी आपका स्वागत है, बशर्ते आप उम्र की कसौटी पर खरे उतरें। आप माई.आईएफएफआईगोवा.ओआरजी/एक्सट्रानेट/मीडिया/ लिंक पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। ”
मीडिया प्रतिनिधि पांच नवंबर, 2022 को रात 11:59:59 बजे (भारतीय मानक समय) तक अपना आवेदन ऑनलाइन जमा करा सकेंगे।
53वां आईएफएफआई पर्यटन की दृष्टि से विश्व प्रसिद्ध गोवा में 20-28 नवंबर तक चलेगा। इस महोत्सव में भारत और दुनिया भर की सर्वश्रेष्ठ समकालीन और क्लासिक फिल्मों का एक संग्रह पेश किया जाएगा। इस दौरान मीडिया के प्रतिनिधियों को सिनेमा जगत के भारतीय महाकुंभ में गोता लगाने के लिए देश-विदेश से आने वाले विश्व प्रसिद्ध फिल्म निर्माताओं, अभिनेताओं, तकनीशियनों, आलोचकों, शिक्षाविदों के साथ-साथ उत्साही फिल्म प्रेमियों को देखने और संवाद करने के अवसर प्राप्त होंगे।
ये सभी पसिनेमाई उत्सव और प्रेरणा के सागर में गोता लगाने के लिए एकत्रित होंगे। यह फिल्मोत्सव के दौरान सिनेमा की दुनिया से जुड़े तमाम विषयों पर चर्चा-परिचर्च के सत्र भी होंगे। वर्ष 1952 में स्थापित भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) एशिया के सबसे प्रमुख फिल्म समारोहों में से एक है। वर्ष 2004 में पहली बार गोवा में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के लिए यह तटीय राज्य एक घर जैसा हो गया और यह महोत्सव हर साल यहां लौटता रहा, और 2014 में, गोवा को आईएफएफआई का स्थायी स्थल घोषित कर दिया गया।
यान के अनुसार इस आयोजन के सभी जरूरी अपडेट महोत्सव की वेबसाइट, पीआईबी वेबसाइट, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आईएफएफआई के सोशल मीडिया अकाउंट और पीआईबी गोवा के सोशल मीडिया हैंडल पर भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
