गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इंडिया गेट पर रेसलर्स का मार्च

तिरंगा लेकर समर्थकों के साथ सड़क पर उतरे
नई दिल्ली।
जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों ने एक महीना पूरा होने पर मंगलवार को जंतर-मंतर से इंडिया गेट तक कैंडल मार्च निकाला। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया था। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस के जवानों को भी पूरे मार्ग पर तैनात किया गया, लेकिन मार्च के दौरान नई दिल्ली के कई मार्गों पर वाहनों का लंबा जाम लग गया।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर कैंडल मार्च के आयोजन को लेकर न तो आधिकारिक तौर पर इजाजत दी और न ही इससे इन्कार किया। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मार्च में करीब पांच सौ प्रदर्शनकारियों के शामिल होने की संभावना थी, जिसको देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए। इंडिया गेट पर कैंडल मार्च की वजह से ट्रैफिक जाम लगने की आशंका को देखते हुए यातायात कर्मियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया था कि लोगों को कोई असुविधा न हो। काफी संख्या में यातायात कर्मी इंडिया गेट पर तैनात किए गए। अधिकारियों ने यातायात को सुचारु रखने के लिए मार्ग भी बदलने के सुझाव दिए थे।
इसके साथ ही दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्विटर पर लोगों को पहले ही कुछ मार्गों से बचने की सलाह दी थी। पुलिस ने वाहन चालकों को मानसिंह रोड और सी-हेक्सगॉन का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी थी। साथ ही आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन तथा हवाई अड्डे जाने वालों को समय से पूर्व घर से निकलने की सलाह दी थी। कैंडल मार्च को जसवंत सिंह गोल चक्कर से मानसिंह रोड, कर्तव्य पथ क्रॉसिंग तक जाने की अनुमति दी गई। मार्च के दौरान सुरक्षा में लगाए गए जवान प्रदर्शनकारियों के साथ चलते दिखे। मार्च के दौरान नई दिल्ली के कई मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। मार्च खत्म होने के बाद यातायात पुलिसकर्मी उसे सुचारु करते हुई दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *