संगरूर : पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने पंजाब राज्य बिजली निगम लिमिटेड के संगरूर के लहरा कार्यालय के वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता मनीष कुमार जिंदल को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए शुक्रवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ब्यूरो के प्रवक्ता ने यहां बताया कि आरोपी को लहरा ब्लॉक के हरियाऊ गांव निवासी सुखचैन सिंह की शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो से सम्पर्क कर बताया कि उसका रिश्तेदार ढींडसा गांव निवासी मेजर सिंह अपना ट्यूबवेल कनेक्शन छाजली गांव में स्थानांतरित करना चाहता है।
बुजुर्ग मेजर सिंह ने शिकायतकर्ता सुखचैन सिंह को कनेक्शन ट्रांसफर कराने के लिए अपने मामले पैरवी करने के लिए कहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह इस सम्बन्ध में आरोपी से मिला तो उसने इस काम के लिए 45 हजार रुपए रिश्वत माँगी।
प्रवक्ता के अनुसार ब्यूरो की पटियाला रेंज ने प्राथमिक जाँच के उपरांत जाल बिछा कर आारोपी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 45 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ काबू कर लिया। उसके खिलाफ ब्यूरो के पटियाला रेंज के थाने में मामला दर्ज किया गया है।
