गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

यादव ने की चित्रकूट विकास प्राधिकरण की घोषणा

चित्रकूट (सतना) : मोहन यादव ने आज राज्य की धार्मिक नगरी चित्रकूट को कई विकास कार्यों की सौगात देते हुए ‘चित्रकूट विकास प्राधिकरण’ बनाए जाने की घोषणा की। यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ‘स्वदेश दर्शन योजना 2.0’ अंतर्गत चित्रकूट में आध्यात्मिक अनुभव परियोजना के प्रमोचन एवं विभिन्न विकासकार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर मंत्री लखन पटेल, श्रीमती प्रतिमा बागरी और धर्मेंद्र लोधी भी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि चित्रकूट में आने वाले समय में 27 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न घाटों का विकास और कायाकल्प किया जाएगा।
इसी कार्यक्रम के माध्यम से राज्य की एक अन्य धार्मिक नगरी अनूपपुर जिले के अमरकंटक को भी 50 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों की वर्चुअली सौगात दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर ‘चित्रकूट विकास प्राधिकरण’ बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां एक अनुविभागीय अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। आने वाले समय में अलग से एसडीएम कार्यालय होगा। क्षेत्र के विकास के लिए एमपी-यूपी बॉर्डर तक फोर लेन का निर्माण होगा। चित्रकूट के प्रमुख धार्मिक स्थलों का अतिक्रमण हटाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देवस्थानों की तस्वीर को बदलने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अब शृंगार, पूजा-पाठ की सामग्री, सभी प्रकार के मेटल की सामग्री का निर्माण मध्यप्रदेश में ही कराया जाएगा। बदलते समय में देश में सांस्कृतिक अनुष्ठान का पर्व चल रहा है। मध्यप्रदेश की धरती पर जहां-जहां भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के चरण पड़े हैं, उन सभी स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल का अवलोकन करते हुए समूह की बहनों से बातचीत की एवं उनसे सामान खरीदा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *