गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पटवारी पर पलटवार किया यादव ने

ग्वालियर : मोहन यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर पलटवार करते हुए आज कहा कि वे “ओबीसी” वर्ग के एक मुख्यमंत्री को पचा नहीं पा रहे हैं, इसलिए लगातार “हल्की” भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने चेताते हुए कहा कि सभी लोग कानून और मर्यादा का पालन करें, अन्यथा उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
डॉ यादव यहां मीडिया से बात कर रहे थे। श्री पटवारी के मीडिया में चल रहे बयानों के परिप्रेक्ष्य में मुख्यमंत्री ने कहा कि वे (श्री पटवारी) अपने पक्ष के प्रत्याशी (इंदौर कांग्रेस प्रत्याशी) को बचा नहीं पाए। वो दूसरों पर कीचड़ उछाल रहे हैं। उन्हें इससे बाज आना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, “वे एक ओबीसी वर्ग के मुख्यमंत्री को पचा नहीं पा रहे हैं। इन्होंने एक राजा और एक उद्योगपति को मुख्यमंत्री बनवाया था।”
राज्य के पश्चिमी हिस्से में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म और भोपाल में एक निजी स्कूल की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटनाओं के बाद श्री पटवारी के आए बयानों के संबंध में श्री यादव ने कहा कि सरकार कानून के अनुसार कार्य कर रही है। सरकार ने महिलाओं और नाबालिग बच्चों को लेकर जो कानून बनाए हैं, उनके अनुसार पीड़ितों की पहचान छिपाना आवश्यक है। ऐसा नहीं होने पर पीड़ितों पर विपरीत असर पड़ता है। इसलिए ऐसे मामलों में पीड़ितों की पहचान उजागर नहीं करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को जो आंदोलन करना है, वह कर सकती है, लेकिन पीड़िता और परिजनों की पहचान उजागर नहीं करे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपने आप को कानून से ऊपर मानते हैं। ऐसे कांग्रेस नेताओं को माफी मांगना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचन के दौर में सभी को अपनी मर्यादा में रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री आज सागर और भिंड संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान ग्वालियर आए थे। बाद में उन्होंने ग्वालियर के भितरवार विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया।
इसके पहले श्री पटवारी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने बयान में मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य अपराध, अत्याचार और दुष्कर्म के गंभीर दौर देख रहा है। मासूम बच्चियों से दुष्कर्म हो रहे हैं। पीड़ा पर मरहम लगाने की विपक्षी कोशिशों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री मुस्कुरा रहे हैं। इस सरकार को तो अब चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *