गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

यमुना का जलस्तर घटना शुरू हुआ

नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना का जलस्तर कम होना शुरू हो गया है, लेकिन कल फिर बारिश होने के आसार है इसलिए सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। केजरीवाल ने शुक्रवार को आईपी बस स्टैंड और डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास ड्रेन नंबर-12 पर बने रेगुलेटर (आईएनएफसी रेगुलेटर) का दौरा कर जायजा लिया। यह रेगुलेटर गुरुवार शाम पानी का भारी दबाव पड़ने पर क्षतिग्रस्त हो गया था।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना में पानी का बहाव बहुत ज्यादा है। पानी के तेज बहाव के कारण डीजेबी का यह रेगुलेटर मुड़ गया है। इसकी वजह से यमुना का पानी शहर के अंदर घुसने लग गया। इसकी मरम्मत की जा रही है। पूरी रात इंजीनियरों और स्टाफ ने मिलकर इसकी मरम्मत करने की कोशिश की है। उम्मीद है कि शाम तक इसको दुरूस्त कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना का जलस्तर भी कम होना शुरू हो गया है, लेकिन कल फिर बारिश होने के आसार है। फिर भी हम उम्मीद करते हैं कि यमुना का जलस्तर जो नीचे जा रहा है, वो धीरे धीरे नीचे उतरता रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कल शाम रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली थी।
रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने पर भाजपा द्वारा की जा रही राजनीति पर केजरीवाल ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से साफ इन्कार कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को इस समय राजनीति नहीं करनी चाहिए। भाजपा जो भी कह रही है उस पर कोई जवाब नहीं देना चाहता।
उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे यमुना का जल स्तर नीचे जा रहा है। दिल्ली के लोगों को अब राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि कल रात यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर पहुंच गया था और आज यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर से घट कर 208.38 मीटर पर आ गया है, हालांकि अभी भी यमुना खतरे के निशान से करीब तीन मीटर ऊपर बह रही है। जैसे-जैसे यमुना का जलस्तर नीचे जाएगा, वैसे-वैसे लोगों को राहत मिलती जाएगी। उन्होंने कहा यमुना का जलस्तर नीचे आने के बाद सभी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट काम करना शुरू कर देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *