गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

योगी को नहीं उड़ाना चाहिये व्हीलचेयर का उपहास

लखनऊ : अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को व्हीलचेयर का उपहास नहीं उड़ाना चाहिए क्योंकि बहुत सारे बीमार लोग और बुजुर्ग व्हीलचेयर का प्रयोग करते हैं। यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने तो उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को ही व्हीलचेयर पर पहुंचा दिया है। भाजपा को जनता के मुद्दों और समस्याओं से मतलब नहीं है। भाजपा की कार्यप्रणाली और नीतियों से जनता में भारी निराशा है। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा से निजात पाना चाहती है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा शासनकाल में ध्वस्त कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुये पिछली तीन मई को मऊ में एक जनसभा में कहा था कि मऊ की कानून व्यवस्था को व्हीलचेयर पर लाने वाले आज खुद व्हीलचेयर पर हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा भी समझ गई है कि लोग उसके कुशासन से त्रस्त है। जनता उसके खिलाफ वोट कर रही है। इसीलिए भाजपा पैसे और प्रशासन के बल पर धांधली कराने पर उतारू है। बेईमानी से लोकतंत्र पर कब्जा करना चाहती है। निकाय चुनाव में जगह जगह भाजपा के नेताओं ने जिस तरह का कारनामा किया उसको जनता ने देखा। इससे पहले भाजपा ने विधान परिषद, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख के चुनावों में प्रशासन और पैसे के बल पर बेईमानी की। अब फिर वही करना चाहती है। लेकिन इस बार जनता ने भाजपा को सबक सिखाने का मन बना लिया है।
यादव ने कहा कि लोगों को उम्मीदें समाजवादी पार्टी से है। जनता जानती है कि समाजवादी पार्टी ही विकास करेगी। समाजवादी पार्टी की सरकार ही नौजवानों को रोजगार देगी, छात्रों और युवाओं को लैपटॉप देगी। भाजपा ने विकास का कोई कार्य नहीं किया। समाजवादी पार्टी की सरकार के समय जो विकास कार्य हुए थे उसे भी भाजपा ने बर्बाद कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *