बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया थाना क्षेत्र में आज शाम एक आदिवासी युगल फांसी पर लटका मिला। आदिवासी युगल के आत्महत्या करने का आज का यह दूसरा मामला है। जुलवानिया के थाना प्रभारी रेवाराम चौहान ने बताया कि मोनियापानी स्थित वन विभाग की नर्सरी क्षेत्र में स्थित एक पेड़ पर युवक तथा युवती के शव लटके मिले हैं।
युवक के पास पाए गए आधार कार्ड में उसका नाम पलसूद थाना क्षेत्र के भण्डारदा निवासी रणजीत चौहान 25 वर्ष पाया गया है। वह आज अपनी ससुराल दानोद आया था। उन्होंने बताया कि 20 वर्षीय युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है। युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक पड़ताल में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है।
