मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में जमीनी विवाद के चलते परिवार के लोगों ने ही एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
बानमोर की अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) दीपाली चँदोरिया ने आज बताया कि रिठौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अरदोनी में एक ही परिवार के कल्ली गुर्जर और राजाराम गुर्जर के बीच लंबे समय से जमीन बंटबारे को लेकर विवाद चल रहा था।
कल मध्यरात्रि को सोते समय कल्ली गुर्जर ने अपने आधा दर्जन से अधिक साथियों के साथ मिलकर राजाराम के घर पर हमलाकर फायरिंग की जिसमें एक युवक जयवीर गुर्जर (16) की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित परिवार के तीन लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मुरैना के जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के लिये रेफर कर दिया है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी अपने घरों पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गए हैं। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के बरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि सुश्री दीपाली ने कहा कि पुलिस की पार्टियां आरोपियों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिये जाएंगे।
