रांची : झारखंड में रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गैलेक्सिया मॉल के सामने काली मंदिर के पीछे वाली गली में बाइकसवार अपराधियों ने जमीन कारोबारी कमल भूषण के अकाउंटेंट की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना आज शाम की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बाइक पर सवार अपराधियों ने संजय कुमार नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद संजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि मई 2022 में जमीन कारोबारी कमल भूषण की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसकी हत्या के बाद संजय कुमार ही उसके अकाउंट्स के काम को देख रहा था। संजय कमल भूषण हत्या मामले का गवाह भी था। बुधवार की शाम काली मंदिर के पीछे स्थित गली से वह अपने घर जा रहा था।
इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने संजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर रही है। साथ ही आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला रही है।
