अगरतला : त्रिपुरा के पूर्वी शहर अगरतला थाने के अंतर्गत बलदाखाल इलाके में गुरुवार को कथित तौर पर पुलिस के सामने भीड़ ने दिनदहाड़े एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि युवक पर एक समूह ने गाय चोरी के इल्जाम लगाया और उसे उसके घर से खींचकर बलदाखाल पुल से बांध दिया, जहां उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान नंदू सरकार (30) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़ित के पिता अजीत सरकार ने दावा किया कि उनका पुत्र चोरी में शामिल नहीं था और छोटा-मोटा काम करता था। उन्होंने लोगों को उसे मारने से रोकने का भरसक प्रयास किया, लेकिन किसी ने भी उसकी नहीं सुनी। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और त्रिपुरा राज्य राइफल्स (टीएसआर) कर्मियों से भी अपने पुत्र को बचाने के लिए मैंने मदद मांगी लेकिन मुझे किसी से कोई मदद नहीं मिली।
पीड़ित के पिता अजीत ने मीडिया से कहा, “मेरे पुत्र की हत्या करने के बाद, आरोपी वहां से चले गए और उसे अस्पताल ले जाने के लिए किसी ने भी कोई मदद नहीं की। मैंने कुछ नाम बताए, जिन्होंने दिनदहाड़े नंदू की पीट-पीटकर हत्या कर दी, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है, बल्कि स्थानीय नेताओं से चुप रहने की धमकियां मिल रही हैं।” पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
युवक की पीट पीटकर हत्या
