भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड शहर में लोक अभियोजन विभाग के लिपिक ने अपने ही घर के अंदर फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मृतक के कब्जे से एक सुसाइड नोट जब्त किया है। इस सुसाइड नोट में उसने विभाग के कुछ लोगों के नाम लिखे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार गौरव भदौरिया (30) निवासी स्वतंत्र नगर लोक अभियोजन विभाग में लिपिक था। वह पिछले काफी दिनों से तनाव में चल रहा था। कल रात गौरव ने अपने ही घर के अंदर कमरे में फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली।
जब परिवार के लोग जागे तो उन्होंने गौरव को फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। साथ ही मर्ग कायम कर प्रकरण विवेचना में लिया है। गौरव सिंह ने तीन पेज का एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने खुद के तनाव में होने का जिक्र किया है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है, जिसकी जांच की जा रही है।
