जींद : हरियाणा में जींद जिले के उचाना कलां रेलवे स्टेशन के पास रविवार को एक युवक ने पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हिसार जिले के संदलाना निवासी प्रीतम (40 वर्षीय) के रूप में हुई है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के पिता रणधीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा प्रीतम रंग रोगन का काम करता है।
उसने करीब डेढ़ वर्ष पहले दीपक को डेढ़ लाख, दीपक पुत्र ईश्वर को 50 हजार, बोहती को 50 हजार, बोहती की बहन को 20 हजार, अभिषेक और रवींद्र को 70 हजार रुपए दिए थे। प्रीतम ने जब इनसे उधार लिए पैसे मांगे तो उन्होंने साफ मना कर दिया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। इससे परेशान होकर उनके पुत्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रेलवे थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर छह लोगों को नामजद कर उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
