नई दिल्ली : युवा कांग्रेस ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर का घेराव किया और कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी पर लगाए जा रहे झूठे बयानों का करारा जवाब दिया जाएगा। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने घेराव कर रहे संगठन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह घेराव नड्डा को सच का आईना दिखाना है।उनका कहना था कि भाजपा के लोग टूलकिट का कितना भी सहारा लें लेकिन युवा कांग्रेस लोकतंत्र को ‘म्यूटतंत्र’ में तब्दील नहीं होने देगी।
गांधी पर विदेशी धरती पर देश का अपमान करने के आरोप का करारा जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक पटल पर अगर किसी ने देश को बदनाम किया है तो वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है इसलिए मोदी और भाजपा को देश की जनता से माफी मांगने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संसद से सड़क तक सब कुछ ‘म्यूट’ करने में लगी है। अडानी मामले में जेपीसी गठन की मांग को लेकर श्री गांधी बार बार बोल रहे है, इसलिए मोदी सरकार और उनके मंत्री झूठा प्रचार कर उन्हे बदनाम करने का प्रयास कर रहे है लेकिन कितना भी झूठा प्रचार कर लें लेकिन कांग्रेस की आवाज को नहीं दबाया जा सकेगा और अडानी मामले में श्री मोदी को जवाब देना ही होगा। इससे पहले युवा कांग्रेस ने देशभर में टांगरी इसकी आवाज को उठाने के लिए प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है।
युवा कांग्रेस ने किया जेपी नड्डा के घर का घेराव
