गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वाईएसआरसीपी-टीडीपी कार्यकर्ताओं में झड़प

गुंटूर : आंध्र प्रदेश में पलनाडु जिले के विनुकोंडा शहर में बस स्टेशन के पास भिड़ रहे सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी और विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने गुरुवार को हवा में गोलियां चलायी।
तेदेपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक जीवी अंजनेयुलु के खिलाफ दर्ज मामलों को हटाने की मांग को लेकर शहर में रैली निकाली। उसी समय वाईएसआरसीपी विधायक बोल्ला ब्राह्मणायडू उसी रास्ते से कार में जा रहे थे।
विधायक को देखते ही तेदेपा कार्यकर्ताओं ने उनकी कार का घेराव करने की कोशिश की और वाईएसआरसीपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका जिससे उनके बीच झड़प हो गई।
दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पथराव किया और लाठियों से हमला किया। सर्कल इंस्पेक्टर संबाशिवा राव ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से हवा में फायरिंग की और बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज करके कार्यकर्ताओं को तितर-बितर कर दिया।
पूर्व विधायक अंजनेयुलु के नेतृत्व में तेदेपा कार्यकर्ता सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक बोल्ला ब्राह्मणायडू द्वारा रेत और मिट्टी के कथित अवैध खनन के खिलाफ विरोध आंदोलन आयोजित कर रहे हैं। पुलिस ने रेत और मिट्टी मामले में ब्राह्मणायडु के अवैध खनन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के लिए श्री अंजनेयुलु सहित तेदेपा नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए। मामले हटाने की मांग को लेकर तेदेपा नेताओं ने आज रैली निकाली।
तेदेपा नेता अंजनेयुलु ने मीडिया से कहा कि उन्होंने वाईएसआरसीपी विधायक ब्राह्मण नायडू द्वारा सरकारी भूमि में रेत और मिट्टी के अवैध खनन के खिलाफ एमआरओ से शिकायत की लेकिन उल्टे उनके खिलाफ ही झूठे मामले दर्ज किए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे तो सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक ने कार्यकर्ताओं को उकसाया। इस बीच एहतियातन कुछ देर के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *