गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

14वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को

नई दिल्ली : निर्वाचन आयोग 25 जनवरी 2024 को 14वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस (एनवीडी) मनायेगा। आयोग की ओर से नयी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि होंगी. केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल सम्मानित अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मालदीव, फिलीपींस, रूस, श्रीलंका और उज्बेकिस्तान के चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रमुख और प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती मुर्मु वर्ष 2023 के लिये सर्वोत्तम चुनावी अभ्यास पुरस्कार प्रदान करेंगे। मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में 2023 के दौरान चुनावों के संचालन में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे।
ईसीआई प्रकाशन की पहली प्रति ‘आम चुनाव 2024 के लिए ईसीआई पहल’ मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार द्वारा माननीय राष्ट्रपति को प्रस्तुत की जायेगी। यह पुस्तक चुनावों के स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी, सुलभ और भागीदारीपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिये ईसीआई के प्रत्येक प्रभाग द्वारा की गयी पहलों का एक व्यापक अवलोकन प्रदान करती है।
भारत का चुनाव आयोग राष्ट्र के लिये 25 जनवरी 2024 को अपनी सेवा का 75वां वर्ष मना रहा है। इस महत्वपूर्ण अवसर को चिह्नित करने के लिये और 2024 के संसदीय चुनावों के आलोक में – “समावेशी चुनाव” थीम पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया जायेगा। इस अवसर पर आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिये मतदाता शिक्षा और जागरूकता के लिये एक अभिनव मल्टी-मीडिया अभियान भी शुरू किया जायेगा। भारतीय चुनावों की भव्यता, चुनाव सुधार, तकनीकी प्रगति और चुनाव प्रबंधन नवाचारों को प्रदर्शित करने वाली एक मल्टीमीडिया प्रदर्शनी भी प्रदर्शित की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *