छह लोग गिरफ्तार
बक्सर : बिहार के बक्सर जिले से उत्पाद विभाग ने एक वाहन को जब्त कर 500 बोतल शराब के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उत्पाद अधीक्षक देवेंद्र प्रसाद ने यहां बताया कि गुरुवार की सुबह सूचना मिली कि कुछ तस्कर उत्तरप्रदेश से शराब लेकर जवही दियार इलाके में जाने की कोशिश में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जवही दियार में गश्ती शुरू की। इसी बीच बक्सर-कोइलवर बांध पर ब्यासी घाट की तरफ से एक ही स्कॉर्पियो आते हुए नजर आई।
पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोकने के लिए हाथ दिया तो स्कार्पियो चालक स्कॉर्पियो लेकर भागना चाहा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। प्रसाद ने बताया कि वाहन की तलाशी ली तो स्कॉर्पियो से कुछ बरामद नहीं हुआ। इसी बीच पुलिस को शक हुआ और पुलिस ने अच्छे से तलाशी ली तो स्कॉर्पियो में तहखाना मिला। जहां से 500 बोतल शराब बरामद हुआ। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
