समस्तीपुर : रेलवे ने बिहार के मिथिलांचल के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए दरभंगा से आनंद विहार (दिल्ली) के बीच अमृतकाल की पहली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की घोषणा की है। समस्तीपुर मंडल के रेल प्रबंधक विनय श्रीवास्तव ने गुरुवार को समस्तीपुर मंडल मुख्यालय के सभागार में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 30 दिसंबर को दिन के 11 बजे ट्रेन का अयोध्या धाम स्टेशन से बिहार के दरभंगा के लिए शुभारंभ करेंगे। अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन नये वर्ष के एक जनवरी से सप्ताह में दो दिन दरभंगा से आनंद विहार तक चलाई जाएगी। यह ट्रेन दरभंगा से प्रत्येक सोमवार एवं गुरुवार और आनंद विहार स्टेशन से मंगलवार एवं शुक्रवार को चलेगी।
श्री श्रीवास्तव ने बताया कि दरभंगा से यह ट्रेन दिन के तीन बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 12.30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में आनंद विहार स्टेशन से दिन के तीन बजे चलेगी और अगले दिन दरभंगा सुबह 11.50 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन दरभंगा,जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर सेन्ट्रल एवं अलीगढ़ होते हुए आनंद विहार तक जायेगी। वापसी में यह ट्रेन इसी रूट होते हुए दरभंगा पहुंचेगी।
दरभंगा से आनंद विहार के बीच चलेंगी अमृत भारत एक्सप्रेस
