दरभंगा : बिहार में दरभंगा जिले की एक अदालत ने हत्या के मामले में दोषी को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुमन कुमार दिवाकर की सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के बहेड़ी गांव निवासी मो. नाजिम की हत्या कर शव छुपाने के जुर्म में बहेड़ी गांव के ही संजीत दास उर्फ छोटू को सश्रम आजीवन कारावास और 60 हजार रुपये अर्थदण्ड की सजा सुनाई है।
अभियोजन पक्ष का संचालन कर रहे अपर लोक अभियोजक रेणू झा ने बताया कि अदालत ने इस मामले की सूनवाई पुरी कर अभियुक्त को भारतीय दंड विधान की धारा 302/149, (हत्या) और धारा 201/149 (शव छुपाना) में दोषी करार दिया। श्रीमति झा ने बताया कि कलवारा चौक पर परचून की दुकान चलाने वाला मो. नाजिम को गांव के ही लोगो ने दुकान हटाने की धमकी दी थी। आठ जून 2020 की रात में दुकानदार नाजिम की हत्या खंती और चाकू से प्रहार हत्या कर दी और कलवारा चौक से आगे अहेरी चौर शमशान के निकट तालाब में शव छुपा दिया। 09 जून की अहले सुबह नाजिम के परिजनों ने जब उसकी खोजबीन की तो तालाब से शव बरामद हुआ।
मृतक के पिता मो. सैदर की सूचना पर सिंहवाड़ा थाना में नौ जून 2020 को 8 नामजद लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी संख्या. 95/20 दर्ज हुई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खंती और छूरा बरामद किया।अनुसंधान पश्चात पुलिस ने आरोपी संजीत दास समेत तीन अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित किया।आरोपित तीन अभियुक्तों में से बैजू दास और गुरुदेव दास अभी भी फरार चल रहा है। वहीं, काराधीन अभियुक्त संजीत दास उर्फ छोटू दास के विरुद्ध सत्रवाद सं. 46/21 के तहत विचारण किया गया।
श्रीमती झा ने कहा कि न्यायाधीश सुमन कुमार दिवाकर की अदालत ने अभियुक्त दास को हत्या कर शव छुपाने की जुर्म में सोमवार को भादवि की धारा 302 के तहत सश्रम आजीवन कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदण्ड, 120 बी में सश्रम आजीवन कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदण्ड एवं भादवि की धारा 201 में दो वर्ष की कारावास और दस हजार रुपये अर्थदण्ड की सजा सुनाई गई है। सभी सजायें साथ-साथ चलेगी। वहीं, अर्थदण्ड का भुगतान नहीं करने पर क्रमशः एक-एक वर्ष एवं तीन माह की अतिरिक्त सजा भुगतने का प्रावधान किया गया है।
हत्या के मामले में दोषी को सश्रम आजीवन कारावास
