भुवनेश्वर : ओडिशा में माओवादी विरोधी अभियान में लगे सुरक्षा बलों ने बौध और कंधमाल जिलों की सीमा से लगे नालिकुम्पा जंगल के अंदर विद्रोहियों के साथ मुठभेड़ के बाद एक माओवादी शिविर को नष्ट करके भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया है। मंगलवार को यहां पहुंची रिपोर्टों में बताया गया है कि नालिकुम्पा जंगल के अंदर माओवादियों की आवाजाही के बारे में खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए उन्हें क्षेत्र से बाहर निकालने के लिए गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
सुरक्षा बलों को देखकर वहां मौजूद करीब 20-25 माओवादियों ने उन पर गोलीबारी की, जिस पर सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक गोलीबारी हुई लेकिन सभी माओवादी फरार हो गये। माओवादियों के मौके से भाग जाने के बाद सुरक्षा बलों ने माओवादी शिविर को नष्ट कर दिया तथा हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त कर ली।
इस बीच, ओडिशा पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के जवानों और बौध के जिला स्वैच्छिक बल ने एक संयुक्त अभियान में जिले के बुधाखोल जंगल के अंदर एक माओवादी शिविर को नष्ट कर दिया तथा एक माओवादी शिविर का भंडाफोड़ किया।
ओडिशा में सुरक्षा बलों ने किया माओवादी शिविर नष्ट
