जालंधर : पंजाब के जालंधर में पुलिस ने कुछ दिन पहले एक किशोर युवक की हत्या के तीन फरार आरोपियों उत्तर प्रदेश के जिला बहराईच के गांव इदनापुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बुधवार को बताया कि कुछ दिन पहले एक किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी, जिसके बाद कमिश्नरेट पुलिस ने थाना बस्ती बावा खेल में आईपीसी की धारा 302, 34 के तहत 17 जनवरी को मामला दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना को अंजाम देने वाले अन्य अपराधी फरार हो गये थे। इसके बाद जघन्य अपराध में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार युवक को ग्राम इदनापुर, थाना फखरपुर, जिला बहराईच, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि युवकों की पहचान साहिल पुत्र रमेश कुमार निवासी न्यू राजन नगर बस्ती पीर दाद, जालंधर, राहुल कुमार पुत्र बिजली मलिक, निवासी न्यू राजन नगर बस्ती पीर दाद, जालंधरऔर अनिल कुमार पुत्र देव राज वर्मा, निवासी सर्जिकल कॉम्प्लेक्स अनूप नगर, जालंधर के तौर पर हुई है।
शर्मा ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल पहले ही बरामद कर ली गयी थी लेकिन अब उनके कब्जे से दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गयी है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी (गंडासा) और छुरी भी बरामद कर ली है। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है और विवरण बाद में साझा किया जायेगा।
